शनिवार से विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए खुली

Travel Uttarakhand

पर्यटकों को सुबह आठ बजे घाटी भेजना शुरू कर दिया जाएगा। हर साल एक जून को फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए खुली रहती है। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क ने पर्यटकों को घाटी में भेजने के लिए सभी प्रबंध कर लिए हैं।

शनिवार से विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए खुली होगी। पर्यटकों को सुबह आठ बजे घाटी भेजना शुरू कर दिया जाएगा। हर साल एक जून को फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए खुली रहती है। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क ने पर्यटकों को घाटी में भेजने के लिए सभी प्रबंध कर लिए हैं। यात्रा के मुख्य स्थान घांघरिया में भी नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क की डीएफओ बीबी मार्तोलिया पहुंची हैं। यहां से फूलों की घाटी की ओर तीन किमी का रास्ता है। डीएफओ ने बताया कि घाटी में जाने वाले मार्ग में सुधार हुआ है।

घाटी में कई प्रजाति के फूल भी खिलने लग गए हैं। घांघरिया से शनिवार सुबह आठ बजे से पर्यटकों के पहले दल को भेजा जाएगा। पिछले साल घाटी में 13,161 पर्यटक पहुंचे थे। इस साल चारधाम यात्रा को देखते हुए पार्क प्रशासन को उम्मीद है कि पर्यटक यहां भी बड़ी संख्या में पहुंचेंगे।

दोपहर 12 बजे तक जाएंगे पर्यटक
फूलों की घाटी उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित है। यहां पर रात्रि विश्राम की व्यवस्था नहीं है। पर्यटकों को उसी दिन वापस घांघरिया लौटना होता है। घांघरिया से पर्यटकों को घाटी में सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक भेजा जाता है। शाम पांच बजे तक उन्हें वापस आना होता है। भारत के निवासियों के लिए 200 रुपये प्रति व्यक्ति और विदेशी पर्यटकों के लिए 800 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित किया गया है।