उत्तराखंड: 38वें राष्ट्रीय खेल ग्रीन थीम पर, पहली बार मिलेंगे ई-वेस्ट से बने पदक

Uncategorized

उत्तराखंड में होने वाले राष्ट्रीय खेलों में पहली बार ई-वेस्ट से बने पदक दिए जाएंगे। इससे पहले ऐसा प्रयोग टोक्यो ओलंपिक खेलों में किया गया था।

उत्तराखंड पहली बार राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करेगा, जो कई मायनों में खास है। राज्य सरकार और ओलंपिक संघ ने इसे “ग्रीन खेल” थीम पर आयोजित करने का निर्णय लिया है। विजेताओं को ई-वेस्ट से बने पदक दिए जाएंगे, और खिलाड़ियों को होटल से मैदान तक लाने-ले जाने के लिए ई-बसों का उपयोग किया जाएगा।

उत्तराखंड में 28 जनवरी से 14 फरवरी तक 38वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन होगा। इसमें देशभर से 10,000 से अधिक खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है। खेल निदेशालय ने आयोजन को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त रखने का निर्णय लिया है। खिलाड़ियों के आने से लेकर जाने तक हर चरण में प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया जाएगा।

खेल परिसर में पानी के कंटेनर के पास प्लास्टिक के ग्लास नहीं रखे जाएंगे। खिलाड़ी, ऑफीशियल्स, टीम आदि अपनी बोतल का ही प्रयोग करेंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय खेलों में विजेता खिलाड़ियों को ई-वेस्ट से बने पदक दिए जाएंगे। इसके लिए कंपनी चयनित कर ली गई है।

पहली बार राष्ट्रीय खेलों में मिलेंगे ऐसे पदक

अब तक राष्ट्रीय खेलों में धातु से बने पदक दिए जाते थे। लेकिन उत्तराखंड में होने वाले इस बार के राष्ट्रीय खेलों में पहली बार ई-वेस्ट से बने पदक प्रदान किए जाएंगे। इससे पहले टोक्यो ओलंपिक में इस तरह का प्रयोग किया गया था।

ई-बसाें से होगा खिलाड़ियों का आवागमन

राष्ट्रीय खेलों में खिलाड़ियों का एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन तक से स्टेडियम तक आवागमन के लिए ई-बसों का प्रयोग किया जाएगा। ऐसे में पहाड़ में वाहनों का दबाव बढ़ने के बावजूद भी पर्यावरण को नुकसान नहीं होगा।

प्लास्टिक रि-यूज से बनेंगे कपड़े

राष्ट्रीय खेलों में जो खिलाड़ियों, ऑफीशियल, मैनेजर आदि के लिए कपड़े तय होंगे। वे सभी प्लास्टिक रि-यूज से तैयार कपड़े होंगे।

पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाने के लिए इस तरह का प्रयोग किया जा रहा है। खेलों में नाम कमाने के साथ ही उत्तराखंड को नए प्रयोगों के लिए याद किया जाएगा। – प्रशांत आर्या, खेल निदेशक