सीएम धामी का अनोखा अंदाज: कभी गेंदों पर चौके-छक्के लगाते दिखे, तो अब बाइक पर सवार होकर लोगों के बीच पहुंचे

Uttarakhand केदारनाथ

केदारनाथ उपचुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा का मुद्दा बना हुआ है। इसलिए, दोनों पार्टियों के नेता चुनाव जीतने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केदारनाथ उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार आशा नौटियाल के समर्थन में पहुंचे। इस दौरान उनका एक अलग ही अंदाज देखने को मिला, जब वह बाइक रैली में शामिल हुए। सीएम के इस अंदाज से कार्यकर्ताओं में भी उत्साह बढ़ गया।

मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में अगस्त्यमुनि पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसी दौरान, दिवंगत विधायक शैलारानी रावत की बेटी ऐश्वर्या रावत ने भी भाजपा उम्मीदवार आशा नौटियाल के लिए प्रचार किया।

चुनाव प्रचार के दौरान सीएम धामी के कई अलग अंदाज देखने को मिल रहे हैं। आज वह बाइक पर नजर आए, जबकि इससे पहले सोमवार को हरिद्वार में पन्ना लाल भल्ला क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने विधायकों की गेंदों पर चौके-छक्के भी लगाए। साथ ही करीब 13.78 करोड़ की तीन योजनाओं का लोकार्पण भी किया।

इसमें नौ करोड़ की लागत से बने पन्ना लाल भल्ला क्रिकेट स्टेडियम का विकास और विस्तार, 1.43 करोड़ से डाम कोठी पुल का विद्युत फसाड सौंदर्यीकरण, और 3.30 करोड़ से चंडीदेवी पुल के विद्युत फसाड सौंदर्यीकरण का काम शामिल है।

केदरानाथ उपचुनाव नजदीक है। 20 नवंबर को मतदान होना है, जिसके लिए पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपचुनाव में पूरी ताकत लगा रहे हैं। इसी के तहत आज वह भाजपा उम्मीदवार आशा नौटियाल के समर्थन में पहुंचे।

वहीं केदारनाथ उपचुनाव के रण में भाजपा के चक्रव्यूह को तोड़ने के लिए कांग्रेस के सारे दिग्गजों ने ताकत झोंक दी है।

पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में प्रचार के लिए मोर्चे पर डटे हैं। प्रदेश सहप्रभारी परगट सिंह व सुरेंद्र शर्मा चुनाव प्रचार के लिए उतरेंगे।