“उत्तरकाशी मस्जिद विवाद: धारा 163 हटने के बावजूद मस्जिद मार्ग पर पुलिस का कड़ा पहरा, संवेदनशील स्थलों पर सतर्कता जारी”

Uncategorized

उत्तरकाशी में हाल ही में हुए बवाल के बाद पुलिस और प्रशासन किसी भी तरह की चूक नहीं करना चाहते। इसलिए, अधिक सतर्कता बरती जा रही है। धारा 163 हटाए जाने के बावजूद निगरानी सख्त रखी जा रही है।

उत्तरकाशी में जनाक्रोश रैली के दौरान हुए बवाल के बाद जनपद में लागू धारा 163 को हटा दिया गया है। फिर भी, मस्जिद मार्ग पर पुलिस का पहरा बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मस्जिद मार्ग के अलावा अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।

24 अक्तूबर को शहर की एक मस्जिद के खिलाफ जनाक्रोश रैली के दौरान स्टील की बोतल फेंके जाने और पथराव के कारण बवाल हो गया था। इसके चलते पुलिस को बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पूरे जनपद में एनबीएसएस की धारा 163 (निषेधाज्ञा) लागू की गई, जिसे अब हटा दिया गया है। हालांकि, निषेधाज्ञा हटने के बावजूद विवादित मस्जिद के आसपास पुलिस का कड़ा पहरा बरकरार है। पुलिस यहां रात और दिन निगरानी रख रही है, और मस्जिद मार्ग पर तीन सीसीटीवी कैमरे भी स्थापित किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव का कहना है कि मस्जिद मार्ग के अलावा अन्य संवेदनशील जगहों पर दीपावली के त्योहार के मध्येनजर भीड़-भाड़ वाले सभी क्षेत्रों में शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए हनुमान चौक, विश्वनाथ चौक, मुख्य बाजार, रामलीला मैदान आदि सभी जगह पुलिस पिकेट्स लगाई गई है। बताया कि पुलिस मुख्यालय से ही पुलिस अधिकारी व जवानों की छुट्टियां स्थगित कर दी गई हैं। बताया कि बहुत जरूरी होने पर ही छुट्टी दी जा रही है।