उत्तराखंड पंचायत चुनाव: पहले चरण की वोटिंग आज, 17,829 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में बंद होगी

Uttarakhand

उत्तराखंड पंचायत चुनाव 2025: पहले चरण में 24 जुलाई को ग्राम सदस्य, प्रधान, क्षेत्र और जिला पंचायत के कुल 17,829 पदों पर होगा मतदान

उत्तराखंड के 12 जिलों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान आज होगा। इस चरण में 26 लाख से ज्यादा मतदाता 17,829 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार के अनुसार, सभी मतदान दल बुधवार देर शाम तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच गए थे।

 

गढ़वाल मंडल के छह जिलों के 26 और कुमाऊं मंडल के छह जिलों के 23 विकासखंडों में मतदान कराया जाएगा। कुल 5823 मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी, जिसके लिए 5318 पोलिंग पार्टियों को तैनात किया गया है।

मतदान के लिए यह दस्तावेज मान्य

पंचायत चुनाव में मतदान के लिए मतदाता विभिन्न प्रकार के पहचान पत्र का उपयोग कर सकेंगे। इनमें आधार कार्ड, निर्वाचन आयोग का वोटर आईडी (ईपीआईसी), पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, केंद्र/राज्य सरकार या सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा जारी सेवा पहचान पत्र, बैंक या डाकघर की पासबुक, राशन कार्ड, जमीन-जायदाद के पंजीकृत दस्तावेज, भवन कर बिल, छात्र या पुस्तकालय पहचान पत्र, जाति प्रमाणपत्र (SC/ST/OBC), शस्त्र लाइसेंस, पेंशन संबंधी दस्तावेज, पूर्व सैनिकों के परिवारों के प्रमाणपत्र, रेलवे या बस पास, दिव्यांग प्रमाणपत्र, स्वतंत्रता सेनानी पहचान पत्र, टेलीफोन, पानी या बिजली के बिल, दुकान पंजीकरण, गैस कनेक्शन की किताब, अन्नपूर्णा योजना कार्ड, ड्राइविंग या परिवहन लाइसेंस, परिवार रजिस्टर की सत्यापित प्रति, निवास प्रमाणपत्र और राज्य पुलिस द्वारा बस्तियों में जारी पहचान पत्र शामिल हैं।

 

इसके अतिरिक्त, आयोग ने लेखपाल और संबंधित ग्राम के शिक्षक को भी मतदाता की पहचान सुनिश्चित करने के लिए अधिकृत किया है।

इन विकासखंडों में आज होगा मतदान

अल्मोड़ा के ताकुला, धौलादेवी, ताड़ीखेत, भैंसियाछाना, लमगड़ा और चौखुटिया। ऊधमसिंह नगर के खटीमा, सितारगंज, गदरपुर व बाजपुर। चंपावत के लोहाघाट एवं पाटी। पिथौरागढ़ के धारचूला, डीडीहाट, मुनस्यारी और कनालीछीना। नैनीताल के बेतालघाट, ओखलकांडा, रामगढ़ और धारी। बागेश्वर के बागेश्वर, गरुड़ और कपकोट। उत्तरकाशी के मोरी, पुरोला व नौगांव। चमोली के देवाल, थराली, ज्योतिर्मठ व नारायणबगड़। टिहरी गढ़वाल के जौनपुर, प्रतापनगर, जाखणीधार, थौलधार व भिलंगना। देहरादून के चकराता, कालसी व विकासनगर। पौड़ी गढ़वाल के खिर्सू, पाबौ, थलीसैंण, नैनीडांडा, बीरोंखाल, रिखणीखाल, एकेश्वर व पोखड़ा और रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ, जखोली व अगस्त्यमुनि।

किस जिले में कितने पोलिंग बूथ पर मतदान

जिला पोलिंग बूथ

अल्मोड़ा       649

बागेश्वर        461

चंपावत       182

चमोली        258

देहरादून      509

नैनीताल     312

पौड़ी         642

पिथौरागढ़    378

रुद्रप्रयाग     459

उत्तरकाशी    272

यूएस नगर   922

टिहरी        779

इन पदों के लिए इतने प्रत्याशी मैदान में

पदनाम पदों की संख्या प्रत्याशी

सदस्य, ग्राम पंचायत          948 2247

प्रधान, ग्राम पंचायत           3393 9731

सदस्य, क्षेत्र पंचायत          1507 4980

सदस्य, जिला पंचायत         201 871

कुल                              6049 17,829