“Uttarakhand National Games: पीएम मोदी आज करेंगे राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन, 11 हजार खिलाड़ी होंगे शामिल”

Uncategorized

14 फरवरी तक चलने वाले राष्ट्रीय खेलों में देशभर के 11,000 से ज्यादा खिलाड़ी भाग लेंगे। कई प्रतियोगिताओं के लिए टीमें अब उत्तराखंड पहुँचने लगी हैं।

उत्तराखंड में आज 38वें राष्ट्रीय खेलों की शुरुआत रंगीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम छह बजे राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में इन खेलों का शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री का स्वागत पारंपरिक तरीके से किया जाएगा। प्रधानमंत्री के समक्ष 35 टीमों के खिलाड़ी परेड करेंगे, और उत्तराखंड के अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन उन्हें मशाल सौंपेंगे।

14 फरवरी तक चलने वाले राष्ट्रीय खेलों में देशभर के 11,000 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, और कई स्पर्धाओं के लिए टीमें उत्तराखंड पहुंच चुकी हैं। मंगलवार शाम छह बजे प्रधानमंत्री जब खेलों का उद्घाटन करेंगे, तो उनके समक्ष एथलीटों की परेड का आयोजन होगा। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। खेलों के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.), केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से, खेल मंत्री रेखा आर्या और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पीटी उषा भी उपस्थित रहेंगी।

साढ़े तीन बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साढ़े तीन बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। जो खेलों के शुभारंभ से पहले महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में ऋषिकेश-हरिद्वार, शारदा कॉरिडोर और बदरीनाथ-केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा करेंगे।

मेजबान टीम से सबसे अधिक 1016 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

उत्तराखंड में पहली बार आयोजित हो रहे राष्ट्रीय खेलों में मेज़बान राज्य से सबसे ज्यादा 1016 खिलाड़ी भाग लेंगे। वहीं, देश के सबसे छोटे केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप से केवल दो खिलाड़ी इन खेलों में हिस्सा लेंगे। कुल मिलाकर, 28 राज्यों और विभिन्न केंद्र शासित प्रदेशों से 11,340 खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। इन खेलों में कई स्पर्धाएं रात के समय भी आयोजित की जाएंगी, और एथलेटिक्स में सबसे ज्यादा 700 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

इन राज्यों के इतने खिलाड़ी कर रहे प्रतिभाग

राष्ट्रीय खेलों में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से खिलाड़ी भाग लेंगे। आंध्र प्रदेश से 294, अंडमान और निकोबार से 28, अरुणाचल प्रदेश से 43, असम से 301, बिहार से 196, चंडीगढ़ से 205, छत्तीसगढ़ से 294, दादर और नागर हवेली से 13, दिल्ली से 633, गोवा से 172, गुजरात से 354, हरियाणा से 207, जम्मू और कश्मीर से 47, झारखंड से 201, कर्नाटक से 681, केरल से 596, मध्य प्रदेश से 472, महाराष्ट्र से 822, मणिपुर से 387, मेघालय से 53, मिजोरम से 74, नागालैंड से 10, ओडिशा से 423, पांडुचेरी से 56, पंजाब से 479, राजस्थान से 511, सिक्किम से 33, तमिलनाडु से 624, त्रिपुरा से 20, उत्तर प्रदेश से 393, पश्चिम बंगाल से 411, तेलंगाना से 282 और लद्दाख से सात खिलाड़ी भाग लेंगे। इसके अलावा, सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड से 437 खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।