उत्तराखंड: टिहरी में आसमान से गुब्बारे के साथ खेतों में गिरी डिवाइस, ग्रामीणों में मची हलचल

Tehri Uttarakhand

उत्तराखंड के टिहरी जिले के भिलांगना ब्लॉक के बहेड़ी गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक गुब्बारे के साथ एक डिवाइस आसमान से गिरकर ग्रामीणों के खेतों में आ गिरी। यह डिवाइस ग्रामीणों के लिए जिज्ञासा का विषय बन गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डिवाइस को अपने कब्जे में लिया और जांच की। पता चला कि यह गुब्बारा मौसम विभाग द्वारा मौसम की जानकारी इकट्ठा करने के लिए देहरादून मौसम केंद्र से छोड़ा गया था। किसी कारणवश गुब्बारा फट गया और खेतों में आ गिरा।

ग्रामीण प्रशांत जोशी ने बताया कि सुबह लगभग 11 बजे वे अपने घर पर काम कर रहे थे, जब अचानक उन्हें आसमान से एक गुब्बारा खेतों की ओर गिरता हुआ दिखाई दिया। जब वे पास गए तो देखा कि गुब्बारे से एक डिवाइस जुड़ी हुई थी।

सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी डिवाइस को देखने के लिए वहां इकट्ठा हो गए। इसकी जानकारी थाना घनसाली पुलिस को दी गई। थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल मौके पर पहुंचे और डिवाइस के बारे में जानकारी जुटाई।

जांच के दौरान मौसम केंद्र में कार्यरत ड्यूटी ऑफिसर अनुज जायसवाल ने बताया कि यह एक हाइड्रोजन से भरा गुब्बारा होता है, जिसे हर दिन सुबह के समय देहरादून मौसम केंद्र से छोड़ा जाता है।

यह गुब्बारा लगभग 20 किलोमीटर की ऊंचाई तक जाता है और हवा में उड़ते हुए 150 से 200 किलोमीटर की दूरी तय करता है। इसके साथ लगी डिवाइस का काम तापमान, वायु दाब, और हवा की गति जैसी मौसम से संबंधित जानकारियां जुटाना होता है, जिससे मौसम का सटीक अनुमान लगाने में मदद मिलती है।