मुख्यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने आठ मंत्रियों के साथ ली शपथ, प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह समेत कई वीआइपी रहे मौजूद

Politics Uttarakhand

एक साथ कई मिथक तोड़ भाजपा विधायक दल के फिर नेता चुने गए पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भूतल परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत आठ भाजपाशासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में परेड मैदान में भव्य समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने पुष्कर सिंह धामी एवं मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

पांच पुराने मंत्रियों को इस बार भी मिला अवसर :
धामी के साथ उनके मंत्रिमंडल के आठ सदस्यों ने शपथ ली। मंत्री बनने वालों में तीन नए चेहरे हैं, जबकि पांच पुराने मंत्रियों को इस बार भी अवसर मिला है। समारोह के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं। साथ में प्रदेश में बढिय़ा काम करने का संदेश भी दिया।

मंत्री बनाए गए दो नए चेहरे:
मुख्यमंत्री धामी के अलावा पिछली सरकार में मंत्री रहे सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, डा धन सिंह रावत, गणेश जोशी और रेखा आर्य ने फिर मंत्री पद की शपथ ली। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल भी मंत्री बनाए गए हैं। मंत्री बनाए गए दो नए चेहरों में चंदन रामदास व सौरभ बहुगुणा शामिल हैं। सौरभ पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के पुत्र हैं।

धामी ने संतों के बीच पहुंचकर लिया आशीर्वाद:

प्रदेश की सत्ता में लगातार दूसरी बार वापसी और धामी मंत्रिमंडल के शपथग्रहण समारोह को लेकर भाजपा उत्साह और आत्मविश्वास से ओतप्रोत दिखाई दी। समारोह के लिए परेड मैदान को भव्य तरीके से सजाया गया। कार्यक्रम में संत समाज ने भी बढ़चढ़कर भागीदारी की। पुष्कर सिंह धामी ने शपथ लेने से पहले संतों के बीच पहुंचकर उनका आशीर्वाद लिया।

प्रधानमंत्री मोदी शपथ ग्रहण समारोह में हुए शामिल:

उत्तराखंड के साथ एक बार फिर आत्मीयता प्रकट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी पुष्कर सिंह धामी और उनके मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। प्रधानमंत्री हेलीकाप्टर से सीधे परेड मैदान में बने हेलीपैड पर उतरे और फिर समारोह समाप्त होने के बाद यहीं से रवाना हुए।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री व उत्तराखंड चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी, केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट, केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी, केंद्रीय पशुपालन राज्यमंत्री डा संजीव बालियान भी समारोह में शामिल हुए।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देब, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व गोवा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी शपथ ग्रहण में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *