उत्तराखंड मौसम अपडेट: पहाड़ी इलाकों में आज ओलावृष्टि और तेज बारिश का अलर्ट, जानिए कब से बदलने वाला है मौसम

Uttarakhand

मौसम विभाग ने आज पहाड़ी क्षेत्रों में ओलावृष्टि और तेज बारिश की संभावना जताई है। मई की शुरुआत भले ही थोड़ी ठंडक के साथ हुई थी, लेकिन पिछले पांच दिनों से देहरादून में बढ़ती गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।

उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज (सोमवार) उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

अन्य जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बदलाव हो रहा है। इसी के चलते 19 मई को पहाड़ी जिलों के साथ-साथ देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, चंपावत और नैनीताल के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 20 मई को भी प्रदेशभर में मौसम बदला रहेगा, जबकि 21 मई को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। 22 मई को फिर से कई इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना है।

बादल छाने से तापमान सामान्य हुआ, लेकिन तपिश ने सताया

मई की शुरुआत भले ही गर्मी की राहत से हुई हो, लेकिन बीते पांच दिन से दून में तपिश परेशान कर रही है। हालांकि, आंशिक रूप से बादल छाए रहने से तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है, लेकिन दोपहर में तपिश परेशान कर रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस तपिश से बारिश के बाद ही राहत मिलेगी। रविवार के आंकड़ों पर नजर डालें तो दून का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री के साथ सामान्य रहा। जबकि, रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री इजाफे के साथ 22.6 डिग्री रहा। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों में रहा। बादल छाए रहने व हवाओं के चलने से दिन का तापमान सामान्य रहा। रात के न्यूनतम तापमान में सामान्य से एक से तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई।

यह रहा तापमान

स्थान अधिकतम न्यूनतम

देहरादून          35.5 22.6

पंतनगर           33.5 24.6

मुक्तेश्वर          23.2 11.3

नई टिहरी         26.6 14.3