मुनस्यारी (पिथौरागढ़): लाडली को न्याय दिलाने की मांग को लेकर व्यापारियों, महिलाओं और विभिन्न संगठनों के लोगों ने रैली निकाली। उनका कहना है कि लाडली के साथ हुई दरिंदगी और हत्या के मामले में आरोपी सरकार की कमजोर पैरवी की वजह से अदालत से बरी हो गया।
मुनस्यारी नगर में व्यापारियों, महिलाओं और विभिन्न संगठनों के लोगों ने लाडली को न्याय दिलाने की मांग को लेकर रैली आयोजित की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लाडली के साथ हुई दरिंदगी और उसकी निर्मम हत्या के मामले में दोषी सरकार की कमजोर पैरवी के कारण अदालत से छूट गया। ऐसे हालात में अन्य पीड़िताओं के लिए भी न्याय पाना कठिन है।
शास्त्री चौक से निकली इस रैली का नेतृत्व व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रमोद द्विवेदी ने किया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा, बुजुर्ग और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए। सभी ने कहा कि हल्द्वानी में पिथौरागढ़ की लाडली के साथ दरिंदगी के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। उस समय उच्च न्यायालय ने दोषी को फांसी की सजा सुनाई थी, लेकिन सर्वोच्च न्यायालय में सरकार की कमजोर पैरवी के चलते वह बरी हो गया। लोगों का कहना था कि सरकार लाडली को न्याय दिलाने में पूरी तरह विफल रही है। प्रदेश की कई बेटियां और महिलाएं न्याय की उम्मीद लगाए बैठी हैं, मगर इस स्थिति में उनके लिए न्याय मिलना भी मुश्किल प्रतीत होता है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार पीड़िताओं को न्याय दिलाने को लेकर गंभीर नहीं है। उनका कहना था कि सरकार को तुरंत पुनर्विचार याचिका दाखिल कर मामले की मजबूत पैरवी करनी चाहिए। चेतावनी दी गई कि अगर लाडली को न्याय नहीं मिला तो सरकार को इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी।
जिला व्यापार संघ के आह्वान पर पिथौरागढ़ व्यापार संघ अध्यक्ष तपन रावत समेत कई लोगों ने व्यापार मंडल की इकाइयों के सहयोग से क्षेत्र में जनजागरण अभियान चलाया और सभी से लाडली को न्याय दिलाने की इस मुहिम से जुड़ने की अपील की।
रैली में जगत मर्तोलिया, निखिल चंद, चंचल बोरा, हुकुम चिराल, नगर पंचायत अध्यक्ष राजू पांगती, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोहर टोलिया, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम दानू, लोक बहादुर जंगपांगी, हीरा चिराल, गौरव बजेला, अजय कुमार, सुंदर जौहरी, हिमांशु धर्मशक्तू, नेहा पांगती, सती देवी, मीरा निखुर्पा, बिमला निखुर्पा, ब्लॉगर सीमा, चम्पा, राधा और पूजा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
नेपाल सीमा पर भी गूंजे लाडली को न्याय दो के नारे
भारत-नेपाल सीमा पर झूलाघाट में भी लाडली को न्याय दिलाने की मांग को लेकर जनजागरूकता रैली निकाली गई। कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह लुंठी के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने दोषी को सजा दिलाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि हत्यारे को निर्दोष बताकर छोड़ना लाडली और उसके परिवार के साथ गहरा अन्याय है।
इस मौके पर लुंठी और पिथौरागढ़ के पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष शमशेर महर के साथ लोगों ने झूलाघाट-जौलजीबी चौक से नारेबाजी करते हुए बाजार मार्ग से भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय झूला पुल तक रैली निकाली। वहां से लौटकर पुनः बाजार में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय लोगों से न्याय की इस लड़ाई में साथ आने की अपील की।
रैली में लाडली के ताऊ भी मौजूद रहे। इसके अलावा होटल एसोसिएशन पिथौरागढ़ अध्यक्ष राजेंद्र भट्ट, ग्राम प्रधान मजिरकांडा रेखा भट्ट, सामाजिक कार्यकर्ता शकुंतला भट्ट, मीना पंगरिया, कविता भट्ट, हरिप्रिया भट्ट, निर्मला पंगरिया, मीना भट्ट, दिवाकर भट्ट, राजेंद्र भट्ट समेत कई लोग शामिल हुए।
