आज से ऋषिकेश में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव शुरू हो रहा है। इसमें देश-विदेश के योग प्रेमी, साधक और गुरु शामिल होंगे। वे योग के जरिए शांति, संतुलन और अच्छे स्वास्थ्य का संदेश देंगे।
उत्तराखंड अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के जरिए दुनिया को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देगा। शनिवार से ऋषिकेश में सात दिन तक चलने वाला यह महोत्सव शुरू होगा। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि योग महोत्सव उत्तराखंड को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
योग हमारी प्राचीन संस्कृति और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है, और यह महोत्सव इसे दुनिया भर में पहचान दिलाने में मदद करेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में यह आयोजन और भी भव्य और प्रभावशाली होगा। देश-विदेश से योग प्रेमी, साधक और गुरु ऋषिकेश में जुटेंगे और योग के जरिए शांति, संतुलन और स्वस्थ जीवन का संदेश फैलाएंगे।
योग महोत्सव के दौरान विशेष योग डाइट उपलब्ध कराई जाएगी और वेलनेस पर खास सत्र आयोजित होंगे। गढ़वाल मंडल विकास निगम और पर्यटन विभाग के सहयोग से एक से सात मार्च तक ऋषिकेश के गंगा रिजॉर्ट में यह महोत्सव होगा। इसमें नाश्ता, दोपहर और रात के भोजन में संतुलित और पौष्टिक आहार परोसा जाएगा, जिसमें मक्खन-दूध, अंकुरित अनाज, दलिया, परांठे, दाल-चावल, हरी सब्जियां, फल, हर्बल चाय और पारंपरिक मिठाइयां शामिल होंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून में राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन के दौरान मोटापे के प्रति जागरूक रहने की जरूरत पर जोर दिया। योगाभ्यास और योग डाइट मोटापा कम करने में मददगार हो सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। – पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
