प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या अब 30 पहुंच गई है। फिलहाल सात एक्टिव मरीज हैं, जिन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है।
उत्तराखंड में कोरोना एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। शुक्रवार को इस सीजन के सबसे ज्यादा सात नए संक्रमित सामने आए। इनमें से तीन श्रद्धालु हाल ही में बदरीनाथ, केदारनाथ और वैष्णोदेवी यात्रा से लौटे थे।
नए मामलों के साथ प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 30 पहुंच गई है। फिलहाल सभी सात सक्रिय मरीज होम आइसोलेशन में हैं। मामले बढ़ते देख स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है और निगरानी बढ़ा दी गई है।
जानकारी के अनुसार, देहरादून के रायपुर क्षेत्र का एक व्यक्ति जो हाल ही में बदरीनाथ धाम की यात्रा से लौटा था, कोरोना संक्रमित पाया गया है। वहीं, सहसपुर निवासी एक अन्य व्यक्ति केदारनाथ से लौटने के बाद संक्रमित मिला। दोनों मरीजों में लक्षण दिखने पर आरटीपीसीआर जांच करवाई गई थी।
इसके अलावा चकराता रोड निवासी एक व्यक्ति, जो 25 मई को वैष्णो देवी की यात्रा से लौटा था, तबीयत बिगड़ने के बाद संक्रमित पाया गया। इनके अलावा चार अन्य लोग भी कोरोना की चपेट में आए हैं।
अब तक मिले अधिकांश संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं और वर्तमान में प्रदेश में सिर्फ सात सक्रिय मामले हैं। राहत की बात यह है कि किसी भी मरीज में संक्रमण के गंभीर लक्षण नहीं हैं। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने लोगों से सतर्कता बरतने और आवश्यक सावधानी अपनाने की अपील की है।
