उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा, भारी बारिश से मकान में घुसा मलबा, तीन लोगों की मौत

Newsbeat आपका शहर उत्तराखंड खबर हटकर ट्रेंडिंग खबरें ताज़ा ख़बर न्यूज़ सोशल मीडिया वायरल

अल्मोड़ा जिले केवडयूडा गांव में भारी बारिश ने कहर ढाया है. यहां मकान की छत और दीवार गिर गई.

अल्मोड़ा (उत्तराखंड): पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के बीच अल्मोड़ा जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. मलबा घुसने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके मलबे में दबकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ, पुलिस, फायर और प्रशासन की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तीनों शवों को बाहर निकाला.

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने बताया कि आज सुबह करीब चार बजे जिला आपदा कंट्रोल रूम को 112 नंबर के माध्यम से सूचना मिली थी कि वडयूडा गांव के एक मकान में मलबा घुस गया है और कुछ लोग उसके अंदर दबे हुए हैं. सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव की टीमें मौके के लिए रवाना की गईं. जिला प्रबंधन अधिकारी ने बताया मकान के एक हिस्से में परिवार के बुजुर्ग मौजूद थे, जो सुरक्षित बच गए. वहीं बगल के कमरे में तीन लोग सो रहे थे. इनमें परिवार की बहू, उनका बेटा और बेटी शामिल थे.

पीछे की तरफ से आया भारी मलबा दीवार को तोड़ते हुए मकान के अंदर घुस गया और तीनों लोग मलबे में दब गए. हादसे में तीनों की मौत हो गई. प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और मलबे में दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला. जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है. हादसे के बाद मौके पर एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौजूद रहीं.

सीओ रानीखेत, एसडीएम, तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की. दो एंबुलेंस भी मौके पर भेजी गई थीं. उन्होंने बताया कि रास्ते में मलबा आने के बावजूद प्रशासन की ओर से राहत-बचाव टीमों को समय पर मौके तक पहुंचाया गया. फिलहाल मौके पर तीन जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम जारी है. सड़क को भी खोल दिया गया है और बचा हुआ मलबा पूरी तरह साफ किया जा रहा है.

मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है और शाम तक मुआवजे की प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया जाएगा.
-विनीत पाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, अल्मोड़ा

फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के बीच भूस्खलन और मलबे को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है. वहीं आपदा की ये घटना अल्मोड़ा जिले के थाना सोमेश्वर में घटित हुई. मृतकों की पहचान प्रेमा देवी (42 वर्ष), पत्नी राजेन्द्र राम, कल्पना आर्या (19 वर्ष) पुत्री राजेन्द्र राम और मनीष कुमार (18 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र राम के रूप में हुई. वहीं, 01 व्यक्ति गुलाब राम मकान के बाहर स्थित कमरे में सो रहे थे, जो मकान ढहने के दौरान सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे.

घटनास्थल से लगभग 03 किलोमीटर पूर्व मार्ग पर मलबा आने के कारण सड़क अवरुद्ध होने पर SDRF टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ पैदल ही घटनास्थल की ओर रवाना हुई. घटनास्थल पर पहुंचकर टीम द्वारा स्थानीय लोगों, फायर सर्विस एवं जिला पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए मलबे में सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया गया.