ऋतु खंडूड़ी भूषण ने किया विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन, भाजपा के 70 सदस्यीय सदन में हैं 47 विधायक

Politics Uttarakhand

कोटद्वार से भाजपा विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए गुरुवार को नामांकन कर दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगियों की उपस्थिति में उन्होंने सचिव विधानसभा को 16 सेट में नामांकन पत्र सौंपे। 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 47 विधायक हैं। इस दृष्टिकोण से ऋतु खंडूड़ी भूषण का विधानसभा अध्यक्ष बनना तय हो गया है। वह उत्तराखंड की पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष होंगी।
सचिव विधानसभा मुकेश सिंघल ने गुरुवार सुबह विधानसभा अध्यक्ष पद के निर्वाचन के संबंध में अधिसूचना जारी की। इसके अनुसार गुरुवार और शुक्रवार को नामांकन और 26 मार्च को चुनाव की तिथि निर्धारित की गई। इस कड़ी में गुरुवार को भाजपा की ओर से कोटद्वार विधानसभा सीट से विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा। कांग्रेस की ओर से यदि शुक्रवार तक कोई कोई नामांकन नहीं किया जाता तो वह निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष निर्वाचित हो जाएंगी। नामांकन पत्र जमा करने के बाद विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं का सम्मान हो रहा है। महिलाओं के जीवन को सरल करने के लिए सरकार अनेक योजनाएं लेकर आ रही है। यह उसी सम्मान की एक और कड़ी है। यह पहली बार हुआ है जब उत्तराखंड में किसी महिला विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष के लिए नामांकन किया है। यह सभी महिलाओं का सम्मान है। वह विधानसभा अध्यक्ष के रूप में प्रदेश की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि वह महिला विधायकों व महिला कर्मियों के लिए सुविधाओं का विशेष ध्यान देंगी। वह सदन में संसदीय परंपराओं के निर्वहन के लिए प्रतिबद्ध रहेंगी और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करेंगी।
नामांकन के दौरान प्रस्तावक के रूप में विधायक व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज व चंदन राम दास के अलावा विधायक खजान दास, मुन्ना सिंह चौहान, सरिता आर्य, दुर्गेश्वर लाल, प्रमोद नैनवाल, सविता कपूर, उमेश शर्मा, विनोद कंडारी, महेश जीना, भरत चौधरी, भोपाल राम टम्टा व बिशन सिंह चुफाल शामिल रहे। वहीं, अनुमोदक के रूप में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, रेखा आर्य व सौरभ बहुगुणा के अलावा विधायक सुरेश गढिय़ा, बृज भूषण गैरोला, राम सिंह कैड़ा, शैला रानी, सुरेश चौहान, मोहन सिंह बिष्ट, शक्ति लाल, शिव अरोड़ा, अनिल नौटियाल व दीवान सिंह शामिल रहे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत व प्रेमचंद अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
ऋतु खंडूड़ी भूषण पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी की पुत्री हैं। उनके पति राजेश भूषण केंद्र में सचिव स्वास्थ्य के पद पर कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *